अगस्त 3, 2026 4:45 अपराह्न

printer

ब्रिक्स विशेषज्ञ नेटवर्क की दूसरी बैठक कल हैदराबाद में होगी

ब्रिक्स भ्रष्टाचार-रोधी कार्य समूह और संपत्ति वसूली पर ब्रिक्स विशेषज्ञ नेटवर्क की दूसरी बैठक कल हैदराबाद में शुरू होगी। दो दिवसीय यह बैठक भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के विषय, ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ के अनुरूप आयोजित की जा रही है। कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग की सचिव रचना शाह बैठक का उद्घाटन करेंगी। इस कार्यक्रम में ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ वरिष्ठ नीति-निर्माताओं, विशेषज्ञों, कार्यपालकों और भ्रष्टाचार-विरोधी तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधियों की भागीदारी की उम्मीद है। इसके अतिरिक्‍त सदस्य संपत्ति वसूली के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने, सीमा पार भ्रष्टाचार से निपटने और शासन में पारदर्शिता तथा जवाबदेही बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श करेंगे। हैदराबाद में होने वाली यह बैठक जून में आभासी रूप से आयोजित पहली ब्रिक्स भ्रष्टाचार-विरोधी कार्य समूह की बैठक के परिणामों पर आधारित है।