रेलवे अगले वर्ष मई तक सूरत-बिलीमोरा के बीच 50 किलोमीटर लंबे रेल खंड पर बुलेट ट्रेन का परीक्षण शुरू करेगा। रेल मंत्रालय के अनुसार, इस खंड पर स्वदेशी ट्रेनसेट का इस्तेमाल किया जाएगा, जो 280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। सूत्रों ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के पहले चरण में सूरत से वापी के बीच रेल सेवा वर्ष 2027 के अंत तक शुरू हो जाएगी।
इस वर्ष दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के त्योहारों के दौरान लगभग 18,000 अतिरिक्त रेलगाड़ियां चलाई गईं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या करीब 12 हजार थी। इस त्योहारी सीजन में लगभग 20 करोड़ यात्रियों ने रेल यात्रा की, जो पिछले वर्ष की तुलना में आठ प्रतिशत अधिक है।
दुर्गा पूजा के दौरान इस वर्ष प्रतिदिन यात्रियों की संख्या बढ़कर लगभग 76 लाख हो गई, जबकि पिछले वर्ष यह करीब 70 लाख थी। इसी तरह, दीपावली के दौरान प्रतिदिन यात्रियों की संख्या पिछले वर्ष के 71 लाख से बढ़कर इस बार 74 लाख हो गई।
वहीं दो वर्ष पहले शुरू की गई यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया बनाने की पहल को इस बार स्थायी व्यवस्था का रूप दे दिया गया है।