नवम्बर 26, 2026 8:50 पूर्वाह्न

printer

अमरीका ने चीन, यूरोपीय संघ और भारत सहित 14 देशों से होने वाले आयात पर नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा

अमरीका ने चीन, यूरोपीय संघ और भारत सहित 14 अर्थव्यवस्थाओं से होने वाले आयात पर 15 से लेकर 35 प्रतिशत तक के नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। इन 14 अर्थव्यवस्थाओं में ताइवान, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया, कंबोडिया, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और जापान भी शामिल हैं।

अमरीकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जेमिसन ग्रीर ने कल कहा कि इन प्रस्तावित उपायों का उद्देश्य उन नीतियों को ठीक करना है, जिनसे अमेरिकी निर्माताओं को नुकसान होता है और  देश का औद्योगिक आधार कमजोर होता है।

चीन पर 40 प्रतिशत तक और वियतनाम पर 35 प्रतिशत तक का टैरिफ लग सकता है। इन प्रस्तावों में कुछ उत्पादों को छूट भी दी गई है, जैसे ताइवान और दक्षिण कोरिया से आने वाले सेमीकंडक्टर और अन्य हाई-टेक सामान। ये शुल्क तुरंत लागू नहीं होंगे।

भारत के लिए, अमरीकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) ने कुछ उत्पादों को छूट देते हुए, भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। साथ ही, यह भी कहा गया है कि अगर भारत और अमरीका के बीच कोई पारस्परिक व्यापार समझौता होता है, तो 17 प्रतिशत टैरिफ की दर पर भी विचार किया जा सकता है।

अमरीकी प्रशासन ने अगले साल 5 जनवरी तक आम जनता से राय मांगी है, और 25 जनवरी से इस पर सुनवाई शुरू होगी। ये प्रस्तावित टैरिफ अगले साल फरवरी तक लागू हो सकते हैं।

इस बीच, यूरोपीय संघ और चीन ने अत्यधिक औद्योगिक उत्पादन के वाशिंगटन के आरोपों को खारिज कर दिया है। यूरोपीय आयोग ने कहा है कि वह इस कदम के पीछे वाशिंगटन के तर्कों की जांच करेगा। आयोग ने यह भी बताया कि अमरीका के साथ मौजूदा व्यापार समझौते के तहत, यूरोपीय सामानों पर टैरिफ की अधिकतम सीमा 15 प्रतिशत तय है।