भारतीय सेना में अग्निपथ योजना और नियमित कॉडर की भर्ती के लिए वर्ष 2027 की ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा पहली जून से 12 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह घोषणा आंध्र प्रदेश के गुंटूर सेना भर्ती अधिकारी कर्नल रजत सुवर्णा ने आज जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में की। उन्होंने बताया कि परीक्षा आंध्र प्रदेश के चौदह जिलों में विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिनमें अनंतपुर, गुंटूर, वाईएसआर कडपा, कुरनूल, नंदीयाल, एसपीएस नेल्लोर, प्रकाशम, तिरुपति, विशाखापत्तनम, विजयनगरम, श्रीकाकुलम, काकीनाडा, राजमुंद्री और एनटीआर जिले शामिल हैं।
कर्नल सुवर्णा ने बताया कि उम्मीदवार आधिकारिक भारतीय सेना भर्ती वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं, परीक्षा संबंधी निर्देश पढ़ सकते हैं और मॉक टेस्ट दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार तेलुगु, हिंदी और अंग्रेजी सहित तेरह भाषाओं में से किसी एक में ऑनलाइन परीक्षा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले उम्मीदवारों को गुंटूर और विशाखापत्तनम में सेना भर्ती कार्यालयों द्वारा बाद में आयोजित होने वाली भर्ती रैलियों के दौरान शारीरिक परीक्षण और दस्तावेज़ सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा।