वियतनाम में नाव दुर्घटना में जान गंवाने वाले आंध्र प्रदेश के तीन पर्यटकों के पार्थिव शरीर आज सुबह हैदराबाद पहुंच गए। आंध्र प्रदेश के लघु और मध्यम उद्यम मंत्री के. श्रीनिवास ने हैदराबाद हवाई अड्डे पर पार्थिव शरीर ग्रहण किए। उन्होंने शवों को पीड़ितों के पैतृक स्थानों पर ले जाने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। राज्य सरकार ने कहा है कि शोक संतप्त परिवारों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की गई है।
पार्थिव शरीर प्रत्यावर्तन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कल रात भारत पहुंच गए थे और आज सुबह हैदराबाद लाए गए। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने पार्थिव शरीरों की शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय, वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास और आंध्र प्रदेश भवन के अधिकारियों के साथ समन्वय किया था।
अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की कि इस घटना में शामिल राज्य के अन्य पर्यटक पहले ही सुरक्षित घर लौट चुके हैं।