मिजोरम सरकार ने दृष्टिबाधित लोगों के लिए शैक्षिक अवसरों को बेहतर बनाने के लिए टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके अंतर्गत राज्य में दृष्टिबाधित लोगों को सहायक तकनीक और शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह समझौता सामाजिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास मंत्री लालरिनपुई की उपस्थिति में माइनको के एसएडी कॉन्फ्रेंस हॉल में संपन्न हुआ।
सुश्री लालरिनपुई ने समझौते का स्वागत किया और इसे दृष्टिबाधित व्यक्तियों के लिए समावेशी शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सुश्री लालरिनपुई ने कहा कि मिजोरम में दृष्टिबाधित लोगों को न केवल शिक्षा बल्कि आजीविका सुरक्षित करने के लिए भी महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन बाधाओं को दूर करना साझा जिम्मेदारी है।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के कंट्री हेड और कार्यकारी उपाध्यक्ष विक्रम गुलाटी ने आशा व्यक्त की कि मिजोरम सरकार के साथ यह साझेदारी आधुनिक सहायक तकनीकों का प्रभावी उपयोग करके दृष्टिबाधित व्यक्तियों के जीवन में सार्थक बदलाव लाएगी।
कार्यक्रम में समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के प्रतिनिधि उपस्थित थे।