नवम्बर 12, 2026 7:09 पूर्वाह्न

printer

भारतीय नौसेना और रॉलय नेवी ऑफ ओमान ने किया द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘नसीम अल बह्र’ का समापन

भारतीय नौसेना और रॉयल नेवी ऑफ ओमान ने अपने द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘नसीम अल बह्र’  के 15वें संस्करण का सफलतापूर्वक समापन किया। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन समन्वय को बढ़ाना, पेशेवर सहयोग को मजबूत करना तथा आपसी समझ को प्रोत्साहित करना था।
 
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि अभ्यास के बंदरगाह चरण के दौरान दोनों नौसेनाओं की विशेषज्ञ टीमों के बीच विषय विशेषज्ञों का आदान-प्रदान किया गया। इन में पारस्परिक हित के प्रमुख क्षेत्रों, जैसे विस्फोटक आयुध निष्क्रियकरण, बारूदी सुरंग निरोधक अभियान और जल सर्वेक्षण को शामिल किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से दोनों नौसेनाओं ने विशेष समुद्री क्षेत्रों में परिचालन अनुभव साझा किया।
 
अभ्यास के समुद्री चरण में भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सूरत और रॉयल नेवी ऑफ ओमान के पोत अल-मुअज्जर के बीच संयुक्त परिचालन गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें संयुक्त रूप से जहाज पर चढ़ने, तलाशी लेने और जब्ती से संबंधित अभ्यास तथा क्रॉस-डेक ऑपरेशन शामिल थे। यह अभ्यास भारत और ओमान के बीच घनिष्ठ समुद्री साझेदारी तथा दोनों नौसेनाओं की समुद्री सहयोग को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही यह अभ्यास भारत सरकार के महासागर विज़न को भी मज़बूती प्रदान करता है।