सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों को स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और हवाई हमले की स्थिति में घरों में रहने की सलाह दी है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए जारी नए दिशा-निर्देश में दूतावास ने भारतीय नागरिकों से किसी भी घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी, तस्वीर या वीडियो को रिकॉर्ड करने, प्रकाशित और साझा करने से बचने का आग्रह किया है। दूतावास ने उमरा सहित अन्य उद्देश्यों से सऊदी अरब जाने की योजना बना रहे भारतीय नागरिकों को वहां के हवाई अड्डों पर जारी व्यवधानों और उड़ानें रद्द होने की जानकारी प्राप्त करते रहने की सलाह दी है। इसके कारण यात्रियों को वहां अधिक समय तक रुकना पड़ सकता है। इस बीच रियाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान सेवा बंद है, जबकि दम्माम, जेद्दा और मदीना के हवाई अड्डों पर उड़ानें जारी हैं। हालांकि, वहां भी कुछ व्यवधान बने हुए हैं।
दूतावास ने बताया कि सऊदिया एयरलाइंस दम्माम, जेद्दा और मदीना से भारत के लिए निर्धारित उड़ानों का संचालन कर रही है। दूतावास ने तत्काल सऊदी अरब छोड़ने वाले भारतीय नागरिकों को आवश्यक वीजा प्राप्त करने के बाद बहरीन, कुवैत या कतर के रास्ते यात्रा करने की सलाह दी है।