अक्टूबर 18, 2026 8:56 पूर्वाह्न

printer

जापान के आइची-नागोया में आज एशियन पैरा गेम्स 2026 का उद्घाटन होगा

जापान के आइची-नागोया में आज एशियन पैरा गेम्स 2026 का उद्घाटन होगा। इस प्रतियोगिता में 45 देशों की पैरालंपिक समितियों के करीब तीन हजार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खेलों का आयोजन 24 अक्टूबर तक होगा, जिसमें 18 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। उद्घाटन समारोह नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में भारतीय समय के अनुसार दोपहर ढाई बजे शुरू होगा। भारत की ओर से पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और धावक सिमरन शर्मा उद्घाटन समारोह में तिरंगा लेकर भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे। भारत का दो सौ इक्यासी सदस्यों का दल है।

जिसमें 168 खिलाड़ी और 113 अधिकारी एवं सहयोगी कर्मचारी शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ी 11 खेलों में हिस्सा लेंगे। भारतीय दल में भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल, पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत, पैरा-शूटर अवनी लेखरा, पैरा-तीरंदाज शीतल देवी, धावक सिमरन शर्मा और पैरा-टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। चीन के हांगझोउ में वर्ष 2023 में हुए पिछले एशियन पैरा गेम्स में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 111 पदक जीते थे। इनमें 29 स्वर्ण, 31 रजत और 51 कांस्य पदक शामिल थे। भारत पदक तालिका में पांचवें स्थान पर रहा था।