अगस्त 27, 2026 6:31 पूर्वाह्न

printer

सरकार ने प्याज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बफर स्टॉक से प्याज की आपूर्ति शुरू की

सरकार ने आगामी महीनों में प्याज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और मौसमी मूल्य दबाव को कम करने के लिए बफर स्टॉक से प्याज की लक्षित आपूर्ति शुरू कर दी है। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा है कि आगामी महीनों में घरेलू मांग को पूरा करने के लिए प्याज की उपलब्धता पर्याप्त है, क्योंकि 2025-26 के लिए प्याज का अनुमानित उत्पादन 307 लाख मीट्रिक टन से अधिक है।

मंत्रालय ने आगे कहा कि उत्पादन की अनुकूल संभावनाओं को देखते हुए, सरकार ने 2026-27 के दौरान मूल्य स्थिरीकरण कोष बफर के लिए रबी प्याज की 2 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। खरीद प्रक्रिया 15 मई से शुरू हुई और बफर के लिए लगभग एक लाख 21 हजार मीट्रिक टन प्याज की खरीद की जा चुकी है।

मंत्रालय ने बताया कि प्याज को मोबाइल वैन और राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ और राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ के खुदरा आउटलेट के साथ-साथ सफल और केंद्रीय भंडार के आउटलेट के माध्यम से 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जाएगा।

मंत्रालय ने बताया कि पहली कांदा एक्सप्रेस नासिक से रवाना हो चुकी है और लगभग 800 मीट्रिक टन प्याज लेकर जल्‍द ही दिल्ली राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र पहुंच रही है। साथ ही, देश भर के अन्य प्रमुख खपत केंद्रों तक सड़क परिवहन के माध्यम से आपूर्ति की जा रही है।