सरकार ने कच्चे जूट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए गांठ बनाने वालों, भंडारणकर्ताओं और व्यापारियों पर इसके भंडारण की सीमा तय कर दी है। वस्त्र मंत्रालय ने कहा है कि इसका उद्देश्य जूट की आपूर्ति स्थिर रखना, कालाबाजारी रोकना और देशभर के किसानों, निर्माताओं तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है।
आदेश के अनुसार, जूट आयुक्त कार्यालय में पंजीकृत वे गांठ निर्माता, जिनके परिसर में गांठ बनाने की मशीन लगी है, एक समय में अधिकतम एक हजार क्विंटल कच्चा जूट रख सकते हैं। जूट स्मार्ट पोर्टल पर पंजीकृत और नियमित रूप से भंडार का विवरण देने वाले अन्य भंडारणकर्ता, या अधिसूचना जारी होने की तारीख तक पंजीकरण के लिए आवेदन करने वाले भंडारणकर्ता, अधिकतम एक सौ क्विंटल जूट रख सकेंगे। वहीं इसके लिए पंजीयन या आवेदन नहीं करने वाले भंडारणकर्ता या गांठ निर्माता अधिकतम पांच क्विंटल जूट का भंडार रख सकेंगे।
आदेश के अंतर्गत जूट मिलें और कच्चे जूट से जूट उत्पाद बनाने वाली इकाइयां अपनी मौजूदा उत्पादन दर के अनुसार अधिकतम 90 दिनों की खपत के बराबर भंडार रख सकेंगी। मंत्रालय ने आदेश के दायरे में आने वाले सभी लोगों से हर पखवाड़े जूट स्मार्ट पोर्टल पर अपने भंडार का विवरण देने और उसे अद्यतन करने को कहा है।