अक्टूबर 17, 2026 10:27 अपराह्न

printer

FSSAI ने मानक (शिशु पोषण खाद्य पदार्थ) विनियम, 2020 में संशोधन का मसौदा किया प्रकाशित

खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण- एफ.एस.एस.ए.आई. ने खाद्य सुरक्षा और मानक (शिशु पोषण खाद्य पदार्थ) विनियम, 2020 में संशोधन का मसौदा प्रकाशित किया है, जिसमें छह महीने तक के शिशुओं के लिए खाद्य उत्पादों में सुक्रोज और फ्रक्टोज के मिश्रण पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव है। प्रस्तावित प्रतिबंध का उद्देश्य शिशुओं के उचित पोषण को बढ़ावा देना और पहले छह महीनों के दौरान उनके स्वस्थ विकास को सुनिश्चित करना है। जीवन के पहले छह महीने स्वस्थ विकास के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए उचित पोषण विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

प्रस्तावित प्रतिबंध यह सुनिश्चित करता है कि शिशु पोषण उत्पाद सुक्रोज और फ्रक्टोज के अनावश्यक मिश्रण के बिना इस आयु वर्ग की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करें। यह उपाय बचपन में अतिरिक्त शर्करा के सेवन से जुड़ी चिंताओं के समाधान के लिए व्यापक जन स्वास्थ्य प्रयासों का समर्थन करने के उद्देश्य से भी है। इनमें बचपन के मोटापे और संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़े आहार संबंधी जोखिम कारक शामिल हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि मसौदा अधिसूचना सार्वजनिक परामर्श के लिए प्रकाशित की गई है और हितधारकों से 60 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। निर्धारित अवधि के भीतर प्राप्त अभ्यावेदनों पर संशोधन को अंतिम रूप देने से पहले एफ.एस.एस.ए.आई. द्वारा विचार किया जाएगा।