जुलाई 15, 2026 9:46 अपराह्न

printer

केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में एस.आई. आर. का गणना चरण सफलतापूर्वक संपन्न

केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (एस आई आर)  का गणना चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। प्रारूप निर्वाचक नामावली 21 जुलाई 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

 मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रेरणा पुरी ने आज चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता में कहा कि गणना चरण 15 जून  से 14 जुलाई  तक संचालित किया गया। इस दौरान व्यापक क्षेत्रीय सत्यापन तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से निर्वाचक नामावली का सत्यापन और अद्यतन किया गया।

उन्होंने  बताया कि गणना चरण के दौरान कुल 5 लाख 16 हजार 427 पंजीकृत मतदाताओं को शामिल किया गया। इनमें से 4 लाख 50 हजार 246 गणना प्रपत्र प्राप्त कर डिजिटाइज किए गए, जबकि 66 हजार 146 प्रपत्र  बीएलओ के बार-बार संपर्क करने के बावजूद प्राप्त नहीं हो सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि  प्रारूप निर्वाचक नामावली मुख्य निर्वाचन अधिकारी, चंडीगढ़ की वेबसाइट तथा ईसीआईनेट  प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। 21 जुलाई से 18 सितंबर  के दौरान बिना मैपिंग विवरण के गणना प्रपत्र जमा करने वाले लगभग 69 हजार 451 मतदाताओं तथा जिन मामलों में किसी प्रकार की विसंगति पाई जाएगी, उन्हें सत्यापन के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि मतदान केंद्र युक्तिकरण के अंतर्गत चंडीगढ़ में मतदान केंद्रों की संख्या 614 से घटाकर 575 कर दी गई है।