जुलाई 8, 2026 7:46 पूर्वाह्न

printer

ईडी ने टीएमसी से जुड़े संदिग्ध धन हस्तांतरण मामले में पांच परिसरों पर छापेमारी की 

 
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कुछ बैंक खातों से कथित वित्तीय लेन-देन, अवैध रूप से धन संग्रह और संदिग्ध धन के हस्तांतरण के संबंध में कोलकाता और उसके आसपास के पांच परिसरों पर तलाशी ली है। ये तलाशी, विमानन क्षेत्र में कार्यरत निजी कंपनी – केयरवेल समूह की कंपनियों, उसके निदेशकों और एक कथित चुनावी ट्रस्ट से जुड़े परिसरों पर की गई।
 
शुरूआती जांच के अनुसार, संदिग्ध गतिविधियों के लिए विमानन और यात्रा कंपनियों के जरिए से 150 करोड़ रुपये से अधिक का हस्तांतरण किया गया। ईडी ने बताया कि अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच, तृणमूल कांग्रेस के खातों से निजी विमानन कंपनी और उसकी संबद्ध इकाई को लगभग 160 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए। निजी कंपनी ने 2023 से इस वर्ष के बीच एक अन्य नवगठित संबद्ध इकाई को 82 करोड़ रुपये से अधिक का हस्तांतरण भी किया।
 
ईडी ने कहा कि एम्ब्रेयर लेगेसी 600 विमान और अगस्ता 109 एसपी हेलीकॉप्टर की खरीद के लिए निजी कंपनी की एक संबद्ध इकाई को बड़ी राशि हस्तांतरित की गई थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन खरीदों के लिए 112 करोड़ रुपये खर्च किए गए। ईडी ने आरोप लगाया कि अगस्ता हेलीकॉप्टर की खरीद के लिए कुछ विदेशी धन का भी उपयोग किया गया, जबकि अधिकांश धनराशि सीधे तृणमूल कांग्रेस के खातों से प्राप्त की गई। ईडी के अनुसार, एम्ब्रेयर लेगेसी 600 विमान और अगस्ता हेलीकॉप्टर को पार्टी के कोष से खरीदे जाने के बावजूद बाद में तृणमूल कांग्रेस को किराए पर दे दिया गया। मामले की जांच जारी है।