दिल्ली यातायात पुलिस ने मुहर्रम को देखते हुए आज यातायात की विशेष व्यवस्था की है। संवाददाताओं से बातचीत में यातायात उपायुक्त (मध्य रेंज) निशांत गुप्ता ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मध्य रेंज में लगभग डेढ सौ पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि जाडियागंज और कमला मार्केट सहित आसपास के इलाकों से ताजिये जामा मस्जिद पहुचेंगे। जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठा होने की संभावना को देखते हुए, मस्जिद की ओर जाने वाली सड़कों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, नेताजी सुभाष मार्ग से जामा मस्जिद की ओर आने वाले वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। भीड़भाड़ से बचने और मुहर्रम के जुलूस के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए यातायात को नेताजी सुभाष मार्ग से होकर अन्य मार्गों पर मोड़ा जाएगा। पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, यातायात के वैकल्पिक मार्गों का पालन करें और असुविधा से बचने के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ सहयोग करें।