जुलाई 10, 2026 6:10 अपराह्न | The Delhi Traffic Police

printer

दिल्ली यातायात पुलिस ने इस वर्ष 48 लाख से अधिक चालान जारी किए

दिल्ली यातायात पुलिस ने राजधानी में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। यातायात पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक 48 लाख 42 हजार से अधिक चालान जारी किए गए हैं, जबकि रेड लाइट और ओवर स्पीड उल्लंघन का पता लगाने वाली तकनीक आधारित प्रणाली के माध्यम से 17 लाख 21 हजार से अधिक ई-चालान जारी किए गए हैं। खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के मामलों में दो हजार 187 एफआईआर भी दर्ज की गई हैं। राजधानी में ट्रैफिक की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए आठ प्रमुख सड़क कॉरिडोर को सिग्नल-फ्री बना दिया गया है। अनावश्यक ट्रैफिक सिग्नल हटाने, यू-टर्न की सुविधा देने और चौराहों को फिर से डिज़ाइन करने जैसे उपायों से इन रास्तों पर ट्रैफिक का प्रवाह बेहतर हुआ है।

    यातायात जाम कम करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर कश्मीरी गेट, आनंद विहार, आश्रम चौक, मजनू का टीला और अन्य प्रमुख स्थानों पर आधारभूत ढांचे में सुधार किए गए हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही और पैदल यात्रियों की सुरक्षा बेहतर हुई है। दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट संगम’ के अंतर्गत अब तक 309 बैठकें आयोजित की गई हैं, जिनमें प्राप्त 514 सुझावों में से 368 पर कार्रवाई की जा चुकी है। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान के अंतर्गत इस वर्ष जनवरी से जून के बीच दो लाख 84,000 से अधिक स्कूली छात्रों और 15 लाख से अधिक लोगों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया गया। यातायात पुलिस ने कहा है कि इंजीनियरिंग सुधार, आधुनिक तकनीक, प्रभावी प्रवर्तन और जनभागीदारी के माध्यम से राजधानी में सुरक्षित और यात्री-अनुकूल यातायात व्यवस्था विकसित करने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।