दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज शालीमार बाग और पीतमपुरा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया और कई सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्कों के सौंदर्यीकरण, आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, सीवरेज प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, मुनक नहर और तकनीकी शिक्षा संस्थानों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की। साथ ही, अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
श्रीमती गुप्ता ने पीतमपुरा के बीडी-एफडी पार्क में सौंदर्यीकरण कार्यों और इसमें नई प्रकाश व्यवस्था के लिए 93 नए इलेक्ट्रिक पोल का उद्घाटन किया। इसके अलावा शालीमार बाग में जलभराव और सीवरेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए आधुनिक जल निकास प्रणाली और अतिरिक्त सीवेज पम्पिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार नागरिकों को जलभराव और सीवरेज संबंधी समस्याओं से स्थायी राहत दिलाने के लिए आधुनिक तथा दीर्घकालिक अवसंरचना विकसित कर रही है। श्रीमती गुप्ता ने पीतमपुरा परिसर स्थित दिल्ली कौशल और उद्यमिता विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक तथा तकनीकी सुविधाओं, प्रशिक्षण अवसंरचना और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे कौशल विकास कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार युवाओं को रोजगारोन्मुख और आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार निवेश कर रही है, जिससे उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।