दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सभी विभागों के अधिकारियों और विभागाध्यक्षों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान, दिल्ली सरकार के बजट में घोषित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट की प्रत्येक घोषणा को पारदर्शिता, जवाबदेही और तय समय-सीमा के साथ प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ तेजी से जनता तक पहुंच सके।
बैठक में मॉनसून की तैयारियों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। इसे लेकर, श्रीमती गुप्ता ने कहा कि जलभराव की समस्या को रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने स्कूलों में पेयजल, शौचालय और व्हाइटवॉश की व्यवस्था, पौधारोपण अभियान, जल संरक्षण और सोलर पावर योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से मेट्रो मंडे और वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था का गंभीरता से पालन करने की अपील की, ताकि ईंधन की बचत और प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिल सके। साथ ही सोशल मीडिया का उपयोग जनहित योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी तरीके से करने के निर्देश भी दिए गए।