त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने कहा है कि केंद्र सरकार राज्य में परिवहन ढांचे के विकास को विशेष महत्व दे रही है। आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट और बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में त्रिपुरा में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न सड़क परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने और नए राष्ट्रीय राजमार्गों तथा परिवहन ढांचे के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
डॉ. साहा ने कहा कि केंद्र सरकार त्रिपुरा और उत्तर पूर्वी क्षेत्र को देश के व्यापक विकास ढांचे से जोड़कर सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और पूरे क्षेत्र में संपर्क सुधारने के लिए टिकाऊ और किफायती राजमार्ग ढांचे के विकास पर बल दे रही है।