जुलाई 9, 2026 11:06 पूर्वाह्न

printer

केन्‍द्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर में अंत्योदय अन्न योजना परिवारों के छात्रों की स्कूल फीस पूरी तरह से माफ करने को मंज़ूरी दी

केन्‍द्र सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के सरकारी स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक पढ़ने वाले अंत्योदय अन्न योजना परिवारों के छात्रों की स्कूल फीस पूरी तरह से माफ करने को मंज़ूरी दी है। हमारे जम्मू संवाददाता ने बताया है कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि यह फ़ैसला तुरंत लागू होगा। इसका उद्देश्‍य आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवारों पर वित्तीय बोझ कम करने के साथ ही पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।

फीस में छूट उन छात्रों को मिलेगी जो अंत्योदय अन्न योजना परिवारों से हैं और जिनके पास वैध अंत्योदय अन्न योजना राशन कार्ड या पात्रता साबित करने के लिए सरकार द्वारा निर्धारित कोई अन्य दस्तावेज़ है। इस छूट में सरकारी स्कूलों द्वारा ली जाने वाली सभी तरह की फीस शामिल है। हालाँकि, बाहरी वैधानिक प्राधिकरणों, परीक्षा बोर्डों या अन्य बाहरी एजेंसियों को दी जाने वाली फीस तब तक लागू रहेगी जब तक कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा विशेष रूप से छूट न दी जाए।