केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो – सीबीआई ने आज रेड नोटिस के अंतर्गत गिरफ्तार अमृतपाल सिंह उर्फ गुरपाल सिंह को मोल्दोवा से भारत प्रत्यर्पित कराने में सफलता हासिल की। वांछित भगोड़े को सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और पंजाब पुलिस के समन्वय से प्रत्यर्पित कराया। भगोड़े को वापस लाने के लिए पंजाब पुलिस के चार सदस्यों की एक टीम मोल्दोवा गई थी।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि पंजाब में दर्ज कई गंभीर आपराधिक मामलों में वह वांछित था। इन आपराधिक मामलों में दोहरे हत्याकांड, शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अपराध शामिल हैं। भगोड़े पर जाली दस्तावेजों के इस्तेमाल और पासपोर्ट अधिनियम के उल्लंघन का भी आरोप है।
सीबीआई ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में 175 वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है। इस तरह के प्रत्यर्पण को संभव बनाने के लिए सीबीआई भारत में इंटरपोल के राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में कार्य करती है। यह एजेंसी भारत में सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ भारतपोल के माध्यम से समन्वय करती है और इंटरपोल चैनलों के जरिए सहायता प्राप्त करती है।