पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास, कानून-व्यवस्था और सुशासन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। वे लखनऊ में आयोजित एक समारोह में अपनी आत्मकथा ‘भारतीय गणतंत्र की विजयगाथा, मेरा जीवन, मेरा संघर्ष’ के हिंदी संस्करण के विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे। श्री कोविंद ने कहा कि वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद राज्य में विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है।
पूर्व राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि राज्य में चल रही विकास योजनाओं से सभी वर्गों को रोजगार, शिक्षा और आर्थिक प्रगति के अवसर मिलेंगे। अपने बचपन की यादें साझा करते हुए श्री कोविंद ने बताया कि कानपुर देहात के परौंख गांव में उनका घर बहुत साधारण था। बारिश के दौरान घर की छत से पानी टपकता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों से गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। इससे उन्हें सम्मान और सुरक्षा भी मिली है।
पूर्व राष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश के युवाओं से राजनीति, शासन, प्रशासन और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में भागीदारी केवल मतदान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सुशासन के लिए ईमानदार, सक्षम और संवेदनशील लोगों को राजनीति में आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रसेवा करने की अपील की और जीवन में कभी भी हार नहीं मानने का भी संदेश दिया।