29वां राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन आज जयपुर के राजस्थान अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में शुरू हुआ। दो दिन का यह सम्मेलन प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और राजस्थान सरकार ने संयुक्त रूप से आयोजित किया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने पिछले एक दशक में कई प्रौद्योगिकी-आधारित नवाचार किए हैं। उन्होंने कहा कि इन पहल से लोगों का जीवन आसान होने के साथ सुशासन व्यवस्था अधिक प्रभावी, उत्तरदायी और नागरिक-केंद्रित भी बनी है। राजस्थान में सुशासन को बढ़ावा देने में प्रौद्योगिकी के उपयोग के बारे में उन्होंने कहा कि इन नवाचारों ने सरकारी सेवाओं को नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाया है।
इस वर्ष के सम्मेलन का विषय विकसित भारत 2047: एआई-सक्षम, डेटा-संचालित और सुरक्षित डिजिटल सुशासन है। सम्मेलन में दो हजार 700 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इनमें एक हजार से अधिक स्टार्टअप और शैक्षणिक संस्थानों के 400 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हैं।