19वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन अगले साल 7 से 9 जनवरी तक पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन का आयोजन विदेश मंत्रालय, पश्चिम बंगाल सरकार के साथ मिलकर करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार प्रदान करेंगी और समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी।
सम्मेलन में युवा प्रवासी भारतीय दिवस का भी आयोजन होगा। इसमें दुनियाभर से भारतीय मूल के युवा, कारोबारी, पेशेवर, शिक्षाविद और नवाचार से जुड़े लोग शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रवासी भारतीय दिवस महात्मा गांधी के सम्मान में मनाया जाता है। गांधी जी 9 जनवरी 1915 को दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे। प्रवासी भारतीय दिवस का यह 19वां संस्करण दुनिया भर में रह रहे भारतीय समुदाय के भारत के साथ संबंधों को और मजबूत करने पर केंद्रित होगा। साथ ही, भारत और दुनिया के लिए प्रवासी भारतीयों के योगदान को भी रेखांकित किया जाएगा।