सितम्बर 17, 2026 10:45 पूर्वाह्न

printer

स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 देशभर में शुरू

स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 आज से देशभर में शुरू हो गया है। इस वर्ष अभियान का विषय है– स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत-विकसित भारत।

इस वर्ष यह अभियान पांच प्रमुख स्तंभों पर केंद्रित है। इनमें स्वच्छता वाले चिन्हित स्थानों और सार्वजनिक स्थलों का कायाकल्प, स्वच्छ पाठशाला-स्वच्छता के लिए युवा, सफाई मित्र सुरक्षा तथा सम्मान शिविर, स्वच्छता के लिए जनभागीदारी और स्वच्छता से समृद्धि शामिल हैं।

अभियान में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता के लिए लोगों की भागीदारी और साझा जिम्मेदारी पर बल दिया जा रहा है। इसके साथ ही ठोस कचरा प्रबंधन नियम 2026 और कचरे के चार स्तरों पर स्रोत पृथकिकरण के बारे में जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर अधिक भीड़ वाले पर्यटन स्थलों और पर्यटक-केंद्रित समुद्र तटों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एक अक्टूबर को एक दिन, एक घंटा और एक साथ के अंतर्गत देशभर में स्वैच्छिक श्रमदान और स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे।