भारत कल से केरलम के कोच्चि में अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय- आईसीसी के 62वें सत्र और मंत्रिस्तरीय बैठक की मेजबानी करेगा। चार दिन के इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का संचालन कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के नारियल विकास बोर्ड और इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर इस बैठक में शामिल होंगे। इसमें एशिया-प्रशांत क्षेत्र के विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के सदस्य, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, उद्योग जगत से जुड़े लोग और अन्य प्रमुख प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस सत्र और मंत्रिस्तरीय बैठक में सदस्य देश वैश्विक नारियल उद्योग से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही अपने अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियां साझा करेंगे, अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करेंगे और इस क्षेत्र की उभरती चुनौतियों तथा अवसरों से निपटने के लिए मिलकर काम करने के तरीकों पर विचार करेंगे।
वर्ष 1969 में स्थापित अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय नारियल उत्पादक देशों का एक अंतर-सरकारी संगठन है। यह सदस्य देशों को वैश्विक नारियल क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करने, आपसी सहयोग और साझेदारी बढ़ाने तथा नारियल उद्योग के टिकाऊ विकास के अवसर तलाशने के लिए साझा मंच उपलब्ध कराता है।