खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने आज शिलांग के पोलो स्थित जे एन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एकीकृत आतिथ्य और खेल परिसर का उद्घाटन किया।
39वें राष्ट्रीय खेल 2027 के लिए मेजबान राज्य समझौते के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। मेघालय मेजबान राज्य के रूप में नेतृत्व कर रहा है, जबकि पूर्वोत्तर के पड़ोसी राज्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित होने वाले खेलों में मेजबानी का अधिकार प्राप्त होगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मेघालय की अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचा विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में केवल चार प्रतिशत आबादी रहती है, लेकिन देश के 25 प्रतिशत खेलो इंडिया केंद्र इसी क्षेत्र में हैं। श्री मांडविया ने घोषणा की कि मेघालय में एक उच्च ऊंचाई केंद्र स्थापित किया जाएगा।
इस अवसर पर खेल मंत्री सहित मेघालय के मुख्यमंत्री, केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. उषा और मेघालय के खेल मंत्री वाइलादमिकी शिला भी उपस्थित थीं।