अक्टूबर 1, 2026 5:53 अपराह्न

printer

गांधी जयंती के अवसर पर कल देश भर में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा

गांधी जयंती के अवसर पर कल देश भर में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन सभाओं में ग्रामीण भारत में पंचायती राज को मजबूत करने, सार्वजनिक सेवाओं में सुधार लाने और ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रशासनिक सुधारों पर चर्चा होगी।

ग्रामीण विकास मंत्रालय के अनुसार, इन विशेष ग्राम सभाओं के साथ ही जन योजना अभियान 2026-27-सबकी योजना, सबका विकास की भी शुरुआत होगी। इस अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतें वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए जनभागीदारी और तथ्यों के आधार पर अपनी विकास योजनाएं तैयार करेंगी।

यह जन योजना अभियान वर्ष 2018 से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चलाया जा रहा है, ताकि पंचायतें समावेशी और सहभागी विकास योजनाएं बना सकें। देश भर की 2 लाख 55 हजार से ज्यादा ग्राम पंचायतें अपनी योजनाएं तैयार कर ‘ई-ग्राम स्वराज’ पोर्टल पर अपलोड करती हैं। कल होने वाली इन ग्राम सभाओं में आम नागरिक और स्थानीय प्रतिनिधि एक साथ बैठकर सरकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे और अपने गांवों के विकास की प्राथमिकताओं को तय करेंगे।