पश्चिम बंगाल में कोलकाता के तारातला इमारत हादसे के मामले में विशेष जांच दल ने एक और व्यक्ति को हिरासत में लिया है। मामले में पुलिस अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान जारी है। हालांकि, आज दोपहर अचानक हुई बारिश और आंधी-तूफान के कारण कुछ समय के लिए अभियान प्रभावित हुआ।
इस घटना की जांच के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की है। समिति सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
युवा कार्य और खेल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश पांडे इस समिति के अध्यक्ष होंगे। समिति में उनके अलावा 11 अन्य सदस्य भी शामिल हैं।