सिक्किम के नामची जिले में समरदुंग स्थित एनएचपीसी तीस्ता स्टेज VI जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में से अब तक 11 शवों को बरामद किया गया है। नामची जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इसकी जानकारी दी। सुरंग के अंदर करीब 25 लोगों के फंसे होने की आशंका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले से बात कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। श्री गोले ने प्रधानमंत्री को हालात से निपटने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी। दोनों नेताओं ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया।
नामची जिला प्रशासन, एनएचपीसी अधिकारियों, राज्य आपदा मोचन बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, सिक्किम पुलिस, अग्नि और आपातकालीन सेवाओं, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर अभियान चला रहा है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह घटना कल दक्षिण सिक्किम के समरडुंग में एनएचपीसी प्रोजेक्ट पर हुई। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों को तुरंत बचाव कार्य में लगाया गया। हालांकि, मीथेन गैस के रिसाव की आशंका के कारण बचाव दल शुरू में घटनास्थल तक नहीं पहुँच पाए। बचाव दल वहाँ फँसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। इनमें मज़दूर, एनएचपीसी अधिकारी और एक प्राइवेट इंजीनियरिंग फ़र्म का कर्मचारी शामिल हैं।