कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि हाल के वर्षों में देश में सब्जी के बीजों के निर्यात सहित संपूर्ण बीज निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मंत्रालय में संयुक्त सचिव (बीज) अजीत कुमार साहू ने बताया कि देश का कुल बीज निर्यात 30 प्रतिशत की वृद्धि के साथ वर्ष 2025-26 में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
वर्ष 2024-25 में यह लगभग दो हजार करोड़ रुपये था। श्री साहू नई दिल्ली में भारतीय बीज उद्योग परिसंघ (एफएसआईआई) द्वारा “भारत को वैश्विक बीज केंद्र बनाने में सब्जी बीज क्षेत्र की भूमिका” विषय पर आयोजित सम्मेलन को वर्चुअल आधार पर संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने यह भी बताया कि बीज उपचार और बीज स्वास्थ्य सहित बीज क्षेत्र के विभिन्न पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करने के लिए देश में पांच उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव है। उन्होंने बीज उद्योग से सामूहिक दृष्टिकोण पर आधारित बीज निर्यात प्रोत्साहन नीति तैयार करने का आग्रह किया।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्व महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन मोहपात्रा ने उद्योग जगत से बीज क्षेत्र में अनुसंधान और विकास में निवेश बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने आणविक प्रजनन और जीनोमिक चयन के माध्यम से भारत की घरेलू प्रजनन क्षमताओं को मजबूत करने और बेहतर पोषण गुणों वाली फसल की किस्मों को विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस बीच, एफएसआईआई के अध्यक्ष अजय राणा ने सर्वोत्तम वैश्विक कार्यपद्धति और मानकों को अपनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित पांच उत्कृष्टता केंद्र भारत की बीज निर्यात क्षमताओं को मजबूत करेंगे। श्री राणा ने बताया कि वर्तमान में वैश्विक बीज व्यापार में भारत की हिस्सेदारी दो प्रतिशत से भी कम है, जबकि उद्योग ने अपनी हिस्सेदारी को 10 प्रतिशत तक बढ़ाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है।