राजस्थान में अगले दो दिनों तक भीषण लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिनों तक रातें गर्म रह सकती हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 28 मई से राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कहा कि 30 मई से गरज के साथ बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।
जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर डिवीजनों में तेज धूल भरी आंधी, 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और छिटपुट बारिश होने का अनुमान है। 29 मई से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे लू की स्थिति से राहत मिलेगी।