मणिपुर में चल रहे सेवा संकल्प उत्सव के अंतर्गत राज्यभर में सेवा सेतु अभियान शिविरों का आयोजन किया गया। इनका उद्देश्य खासकर दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों तक सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं को पहुंचाना है।
सेनापति जिले के तादुबी, विलोंग और फाइबुंग उप-मंडल में आज विशेष शिविर लगाए गए। इनमें विभिन्न विभागों ने लाभार्थियों को कृषि उपकरण, मूंग, सरसों और मक्का के बीज के साथ पौधे वितरित किए। शिविरों में लोगों को अधिकारियों से सीधे बातचीत करने, योजनाओं की जानकारी लेने और मौके पर ही आवेदन जमा करने की सुविधा भी दी गई।
वहीं, चुराचांदपुर के उपायुक्त और अधिकारियों ने विकास परियोजनाओं तथा सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया और सेवा सेतु शिविर का जायजा लिया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही जगह पर सेवाएं दीं। लोगों को आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र सहित अन्य प्रमाणपत्र और शपथपत्र मौके पर ही जारी किए गए।