बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सरबानंदा सोनोवाल ने आज ओडिशा में पारादीप बंदरगाह प्राधिकरण में लगभग 427 करोड़ रुपये की सात प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री सोनोवाल ने पारादीप की क्षमता और दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से लगभग 15 सौ करोड़ रुपये की तीन मशीनीकरण परियोजनाओं के लिए रियायत समझौतों पर हस्ताक्षर समारोह की अध्यक्षता भी की।
समारोह को संबोधित करते हुए श्री सोनोवाल ने कहा कि इन निवेशों से पारादीप एक प्रमुख समुद्री प्रवेश द्वार के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करेगा और पूर्वी क्षेत्र में व्यापक आर्थिक अवसर पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि पारादीप पूरे क्षेत्र में व्यापार, रसद, उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए अच्छी स्थिति में है। इससे भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी समुद्री अर्थव्यवस्था के रूप में उभरने में योगदान मिलेगा। मंत्रालय ने कहा कि ये परियोजनाएं नौवहन, कनेक्टिविटी, सुरक्षा, स्थिरता, आवासीय अवसंरचना और सामुदायिक विकास को कवर करती हैं।