युवा कार्य और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने आज शिलांग स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण-उत्तर पूर्वी पहाड़ी विश्वविद्यालय (एन.ई.एच.यू.) केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खेल अवसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं की समीक्षा की। केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न खेल मैदानों का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने प्रशिक्षकों और युवा खिलाड़ियों से भी बातचीत की और उन्हें अनुशासन, दृढ़ संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। श्रीमती खडसे ने कहा कि एसएआई केंद्र ने पूर्वोत्तर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार इस क्षेत्र में खेल अवसंरचना को और मजबूत करेगी।
उनका यह दौरा पूर्वोत्तर क्षेत्र में खेल अवसंरचना, एथलीट सहायता प्रणालियों और जमीनी स्तर पर खेल विकास को मजबूत करने के लिए मंत्रालय के निरंतर प्रयासों का एक हिस्सा है।