प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन पर जींद और सोनीपत के बीच भारत की पहली हाइड्रोजन रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाएंगे। श्री मोदी जींद के एकलव्य स्टेडियम में लगभग 14,700 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री चंडीगढ़ में दोपहर में स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सड़क के बुनियादी ढांचे से जुड़ी 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। श्री मोदी चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च में एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेस सेंटर का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री जालंधर भी जाएंगे, जहां वे संपर्क तथा यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और क्षेत्र में आर्थिक विकास को गति देने के उद्देश्य से 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। श्री मोदी ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत जालंधर कैंट सहित 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे।