मई 21, 2026 7:52 अपराह्न

printer

साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने मुंबई में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का दौरा किया

साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने आज मुंबई में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का दौरा किया और पारंपरिक घंटी बजाने की रस्म में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साइप्रस भारत, यूरोप और पूर्वी भूमध्य सागर के बड़े हिस्‍से तथा मध्य पूर्व के बीच एक स्वाभाविक प्रवेश द्वार है। यह राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता के साथ-साथ महत्वाकांक्षा, नवाचार और भविष्योन्‍मुखी दृष्टिकोण का भी संगम है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि साइप्रस भारत के साथ आपसी निवेश को बढ़ावा देने और व्यापार, निवेश तथा वित्तीय संबंधों को और गहरा करने के लिए उत्सुक है।

उन्होंने कहा कि यह दौर निवेश, पूंजी बाज़ारों, सहयोग और वित्तीय कनेक्टिविटी के लिए नए रास्ते खोल रहा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज जैसे संस्थान इस कनेक्टिविटी के पुल को आकार देने और भारत तथा यूरोपीय संघ के बीच बढ़ती साझेदारी को सुगम बनाने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस अवसर पर नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज के अध्यक्ष श्रीनिवास इंजेती, प्रबंध निदेशक और मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी आशीषकुमार चौहान तथा अन्‍य अधिकारी उपस्थित थे।

इसके बाद साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स दिल्ली के लिए रवाना हो गए। हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रोटोकॉल मंत्री जयकुमार रावल और अन्य लोगों ने उन्हें विदाई दी।