जून 17, 2026 9:42 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल से मध्य प्रदेश और ओडिशा के पांच दिन के दौरे पर रहेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल से मध्य प्रदेश और ओडिशा के पांच दिन के दौरे पर जा रही हैं। राष्ट्रपति सचिवालय ने बताया है कि पहले दिन, राष्ट्रपति मुर्मू मध्य प्रदेश के बेतूल में आध्यात्मिक जागृति के माध्यम से आदिवासी समाज के सशक्तिकरण पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगी। शुक्रवार को वे मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर में अंतर्राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस समारोह में शामिल होंगी। उसी दिन बाद में, राष्ट्रपति एम्स भुवनेश्वर द्वारा आयोजित एक चिकित्सा शिविर का उद्घाटन करेंगी और ओडिशा के रायरांगपुर में कुसुमी ब्लॉक के खनन प्रभावित गांवों के लिए एक विशाल एकीकृत ग्रामीण पाइपलाइन जल आपूर्ति परियोजना को समर्पित करेंगी।
 
राष्ट्रपति मुर्मू शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पहाड़पुर में विभिन्न सुविधा केन्‍द्रों का दौरा करेंगी, जिनमें पहाड़पुर का स्कूल और कौशल केंद्र शामिल हैं, और लाभार्थियों और बच्चों से बातचीत करेंगी। बाद में, वे रायरांगपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस माह की 21 तारीख को, राष्ट्रपति मध्य प्रदेश के जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेंगी। बाद में वह रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगी।
 
अपनी यात्रा के अंतिम दिन, राष्ट्रपति मुर्मू मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में सहरिया जनजाति के सदस्यों, चीता ट्रैकर्स, पर्यटक गाइडों और कुनो फील्ड टीम के सदस्यों से बातचीत करेंगी।