राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सिक्किम के तीन दिन के दौरे पर आज गंगतोक पहुंची। हवाई अड्डे पर राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया।
यात्रा के पहले दिन राष्ट्रपति राज्य में सुरक्षित और सुलभ परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से महिलाओं के लिए समर्पित गुलाबी बसों का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति सिक्किम की समृद्ध पारिस्थितिक और पुष्प विरासत को देखने के लिए रिज पार्क स्थित ऑर्किडेरियम का भी दौरा करेंगी। वे दुर्लभ पांडुलिपियों और बौद्ध सांस्कृतिक कलाकृतियों के संरक्षण के लिए प्रसिद्ध नामग्याल तिब्बत विज्ञान संस्थान का दौरा भी करेंगी।
दूसरे दिन, राष्ट्रपति नाथुला दर्रे का दौरा करेंगी और गंगतोक में सिक्किम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। दौरे के अंतिम दिन वे सिक्किम पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस ध्वज’ प्रदान करेंगी। इसके साथ ही, सिक्किम यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करने वाला देश का 15वां राज्य बन जाएगा।