अक्टूबर 21, 2026 9:24 अपराह्न

printer

वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ पर वाराणसी में आयोजित होने वाले एयर शो की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंची

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य एयर शो की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस एयर शो के मुख्य समारोह में 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के शामिल होने की संभावना है।

वायुसेना के इस ऐतिहासिक शो को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वाराणसी के पुलिस आयुक्‍त मोहित अग्रवाल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 12 हजार पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। दर्शकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरी दर्शक दीर्घा को 500 घेरों में विभाजित किया गया है। दर्शकों की सुविधा के लिए अधिकांश पार्किंग स्थल घाटों से एक किलोमीटर के दायरे में बनाए गए हैं।

मुख्य आयोजन से पहले आज गंगा नदी के ऊपर आसमान में पूर्वाभ्‍यास किया गया। जिसमें वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ ने हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाए। इस भव्य शो में लगभग 20 लाख दर्शकों के आने की उम्मीद है, जिसके मद्देनजर शहर का यातायात और जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है।