अक्टूबर 21, 2026 9:08 अपराह्न

printer

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क का भारत दौरा, प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क तीन दिन की यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंचेंगे। वे कल प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और आपसी हित के क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क अपने दौरे के दौरान बेंगलुरु भी जाएंगे। वहां वे आईटी और अंतरिक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों के कारोबारी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। उनके साथ वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमांस्की तथा एक बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी होगा। पोलैंड के प्रधानमंत्री के रूप में श्री टस्क की यह दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले, उन्होंने 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत का दौरा किया था। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष के रूप में भी वे 2017 में भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली आए थे। अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था।

यह यात्रा भारत और पोलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के साथ-साथ व्यापार और निवेश, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क सहित आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी। इससे भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक साझेदारी भी मजबूत होगी।