प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने निर्माण और इससे जुड़े अन्य कार्यों में लगे देशभर के कारीगरों और कुशल श्रमिकों को भी बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने में कारीगरों और कुशल श्रमिकों का हुनर और मेहनत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने आज विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर श्री राजनाथ सिंह ने देश भर के कारीगरों, श्रमिकों और शिल्पकारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके कौशल, मेहनत और रचनात्मकता आत्मनिर्भर और विकसित भारत की प्रगति में योगदान दे रहे हैं।
श्री अमित शाह ने भी इस अवसर पर शुभकामनाएं दीं, साथ ही उन्होंने कहा कि कारीगरों, शिल्पकारों और श्रमिकों के कौशल और मेहनत एक विकसित भारत की नींव रख रहे हैं।