जून 27, 2026 10:44 पूर्वाह्न

printer

पीएम मोदी ने सेशेल्स को भारत का महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और ‘विजन महासागर’ का प्रमुख साझेदार बताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेशेल्स को भारत का महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और विजन महासागर तथा ग्लोबल साउथ के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का प्रमुख साझेदार बताया है।
 
तीन दिन की सेशेल्स यात्रा पर रवाना होने से पहले जारी अपने वक्तव्य में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के सम्मान और मजबूत जन संबंधों पर आधारित हैं।
 
श्री मोदी ने कहा कि वह सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने तथा हिंद महासागर क्षेत्र की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने इसे दोनों देशों के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं का प्रतीक बताया।
 
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री वहां के भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा भारत-सेशेल्स संबंधों को नई मजबूती देगी, हिंद महासागर में समुद्री सहयोग बढ़ाएगी और सुरक्षित, शांतिपूर्ण तथा समृद्ध क्षेत्र के साझा लक्ष्य को आगे बढ़ाएगी।