पत्र सूचना कार्यालय-पीआईबी के गुवाहाटी कार्यालय ने स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के साथ मिलकर आज गुवाहाटी में एक क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला वार्तालाप का आयोजन किया। कार्यशाला का विषय था- केंद्र सरकार के 12 वर्ष। इसमें वित्तीय समावेशन के ज़रिए सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि वित्तीय समावेशन का दायरा अब बैंक खाते खोलने से आगे बढ़कर डिजिटल साक्षरता और उपभोक्ता संरक्षण तक फैल गया है। उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर क्षेत्र डिजिटल भुगतान में अग्रणी बनकर उभरा है।
पूर्वोत्तर में लगभग 90 प्रतिशत ट्रांज़ैक्शन यूपीआई के ज़रिए होते हैं, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है। कार्यशाला में बताया गया कि पिछले चार वर्ष में असम में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजनाओं के ज़रिए लगभग एक करोड़ 82 लाख लाभार्थियों को 16,600 करोड़ रुपये से ज़्यादा की राशि अंतरित की गई। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों के विकास, महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों, एमएसएमई ऋणों के विस्तार और सामाजिक सुरक्षा की भी जानकारी दी गई।