अगस्त 13, 2026 5:57 अपराह्न

printer

मणिपुर में मनाया जा रहा है देशभक्त दिवस

मणिपुर में आज देशभक्त दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, विशेष रूप से युवराज बीर टिकेंद्रजीत और थंगल जनरल के सर्वोच्च बलिदान को याद किया जा रहा है। एंग्लो-मणिपुरी युद्ध के बाद वर्ष 1891 में आज ही के दिन अंग्रेजों ने दोनों को फांसी दे दी थी।
 
मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने जनप्रतिनिधियों और लोगों के साथ मोइरांगखोम स्थित हिचम याइचम पाट और इम्फाल के पैलेस परिसर में थंगल जनरल के मंदिर में वीर देशभक्तों को पुष्पांजलि अर्पित की।
 
मुख्य कार्यक्रम इम्फाल के शहीद मीनार पार्क में आयोजित किया गया, जहां मणिपुर के दो वीर सपूत युवराज बीर टिकेंद्रजीत और थंगल जनरल को अंग्रेजों ने फांसी दी थी। मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने इम्फाल के कांगला किले में पुष्पांजलि अर्पित की और बाद में शहीद मीनार पार्क में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।