मई 22, 2026 5:11 अपराह्न

printer

अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया

अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज कहा कि राजधानी में पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में मुख्‍यमंत्री ने कहा कि हर संरक्षित पेड़, हर पुनर्जीवित जल स्रोत और हर सुरक्षित प्रजाति एक स्वस्थ, हरित और रहने योग्य दिल्ली की नींव को मजबूत बनाती है। उन्‍होंने बल देते हुए कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच जैव विविधता का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा की इसके लिए दिल्ली सरकार विभिन्न स्तरों पर काम कर रही है, जिसमें हरित क्षेत्र बढ़ाना, जल स्रोतों का पुनर्रोद्धार और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण शामिल है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने में सहयोग करें। दिल्ली सरकार ने कहा है कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, हरित और टिकाऊ राजधानी का निर्माण करना उसकी प्राथमिकता है, और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

   

वहीं, इस अवसर पर दिल्‍ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि प्रकृति कोई ऐसा संसाधन नहीं है जो विरासत में मिला हो, बल्कि यह ऐसी ज़िम्मेदारी है जिसे आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित करना आवश्‍यक हैं। श्री सिरसा ने इस दिवस पर नागरिकों से वनों, वन्यजीवों, जल निकायों और जीवन के हर उस रूप की रक्षा करने की अपील की, जो पृथ्‍वी को संतुलित तथा समृद्ध बनाए रखता है।