जुलाई 4, 2026 5:00 अपराह्न

printer

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मूसलाधार वर्षा से सामान्‍य जनजीवन प्रभावित

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में आज मूसलाधार वर्षा से सामान्‍य जनजीवन प्रभावित हुआ। इसे देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट पर है। वर्षा के कारण मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर, गोंदिया, भंडारा, धुले, नाशिक और पुणे के कुछ हिस्से प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में 6 जुलाई तक मूसलाधार वर्षा की आशंका व्‍यक्‍त की है। कोंकण तट तथा मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ की चेतावनी दी गई है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को शुक्रवार से हर तीन घंटे में मौसम संबंधी अलर्ट भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट पर हैं और स्थिति पर नज़र रख रही हैं।

मुंबई में लगातार पांचवें दिन बारिश के कारण उपनगरीय रेल सेवाएं 10 से 15 मिनट देरी से चलीं। विद्यालयों और महाविद्यालयों में दोपहर पाली के लिए छुट्टी घोषित कर दी गई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका ने नागरिकों से बहुत आवश्‍यक होने पर ही घर से निकलने की अपील की है।