केंद्र ने कहा है कि देश में अभी तक इबोला वायरस रोग का कोई मामला सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अफ्रीका के कुछ हिस्सों में इबोला के मामलों के मद्देनजर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार युगांडा से हाल ही में यात्रा करके लौटे एक व्यक्ति को बेंगलुरु के सरकारी महामारी रोग अस्पताल में जांच और चिकित्सा के लिए अलग रखा गया। जांच में उसकी रिपोर्ट नकारात्मक आई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय संबंधित राज्य अधिकारियों के समन्वय से वायरस पर कड़ी निगरानी रख रहा है और विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशानिर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक कार्रवाई कर रहा है। मंत्रालय ने कहा कि वह सतर्क और पूरी तरह से तैयार है। सभी निर्धारित प्रवेश बिंदुओं और सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली में स्क्रीनिंग और जांच के उपाय जारी हैं। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे घबराएं नहीं, गलत सूचना न फैलाएं और जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।