राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एन.आई.ए ने पंजाब के अमृतसर में आरोपी अनवर मसीह की दो अचल संपत्तियों को जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई छह साल पुराने सलाया मामले से संबंधित है। इसमें पाकिस्तान से समुद्री मार्ग से भारत में तस्करी की गई 500 किलो हेरोइन जब्त की गई थी। कुर्की की कार्यवाही कल की गई। जांच में पता चला है कि मसीह इटली, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड, ईरान और पाकिस्तान तक फैले एक अंतरराष्ट्रीय नार्को-आतंकवादी नेटवर्क में शामिल था। यह नेटवर्क नशीले पदार्थों की तस्करी और वितरण में लगा हुआ था और इससे प्राप्त धन का उपयोग लश्कर-ए-तैबा से जुड़ी आतंकवादी गतिविधियों को वित्त पोषित करने के लिए करता था।
इस मामले में अब तक 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है।