विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने आज नई दिल्ली में सभी राज्य विद्युत नियामक आयोगों और संयुक्त विद्युत नियामक आयोगों के अध्यक्षों के साथ नियामक मंच की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने इस बात पर बल दिया कि विश्वसनीय, गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, शिकायतों का त्वरित निवारण करने और व्यापार करने में सुगमता तथा जीवन यापन में सुगमता को बढ़ावा देने के लिए एक पारदर्शी, पूर्वानुमानित और उत्तरदायी नियामक ढांचा अत्यंत आवश्यक है।
विद्युत मंत्री ने विद्युत क्षेत्र को मजबूत करने, वितरण कंपनियों के वित्तीय और परिचालन प्रदर्शन में सुधार करने तथा समय पर, उपभोक्ता-केंद्रित सेवा वितरण सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख नियामक सुधारों को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि एक मजबूत नियामक तंत्र एक कुशल, लचीला और भविष्य के लिए तैयार विद्युत क्षेत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।